उम्र केवल एक नंबर है, लेकिन शरीर की आवाज़ सुनना भी जरूरी है ।

 उम्र केवल एक नंबर है, लेकिन शरीर की आवाज़ सुनना भी जरूरी है ऐसा मुझे अपने व्यक्तिगत अनुभव से लगा पिछले वर्ष जून अंत में में घर पर फिसल गया तथा कूल्हे के बल गिरा ईश्वर की कृपा से कूल्हे में कोई समस्या नहीं आई परंतु पेलविश की हड्डी में बाल महसूस हुआ दर्द बहुत अधिक था कोई सीरियस इंजरी नहीं थी पर सही होने में चार माह से अधिक का समय लग गया नोर्मल रुटीन तक आने में और अधिक समय लगा हाल ही में में बरसात में स्कूटर से फिसलने के कारण पर मेरे पैर में मुझे मामूली सी खरोंच आयी पर उसको ठीक होने में लगभग पंद्रह दिन का समय लग गया तब भी पूर्णतः ठीक नहीं हुए हैं ।

ये घटना क्रम बताने का तात्पर्य सिर्फ ये है कि उम्र के बढ़ते पड़ाव में हम शरीर के संकेतों को महसूस नहीं करते पर शरीर संकेत अवश्य देता है यही चोटें यदि पहले लगी होती और लगी भी थीं उनकी रिकवरी का समय इससे आधा ही रहा होगा । इन्हीं कुछ अनुभवों के कारण अपने विचार लिखने की प्रेरणा मिली जो वास्तविक अनुभवों पर आधारित है ।



कहते हैं उम्र केवल एक नंबर है 

और शायद यह बात काफी हद तक सही भी है। 

( मैं भी यही सोचता हूं क्योंकि मैं अपने अंदर कहीं अभी भी एक बच्चे को पाता हूं) 



इंसान की वास्तविक उम्र उसके चेहरे की झुर्रियों या बालों की सफेदी से नहीं, बल्कि उसके जोश, उत्साह, सोच और जीवन के प्रति उसके दृष्टिकोण से तय होती है। जब मन में कुछ नया करने की इच्छा बनी रहती है, जब कदम रुकना नहीं चाहते और जब जीवन को भरपूर जीने का जज़्बा कायम रहता है, तब उम्र सचमुच महज एक संख्या लगती है।


लेकिन यदि उम्र 60 वर्ष के आसपास या उससे अधिक हो चुकी है, तो एक दूसरी सच्चाई को भी स्वीकार करना आवश्यक है।


मन शायद आज भी जवान हो, लेकिन शरीर समय के साथ अपने नियम बदलता रहता है।


हम भले ही स्वयं को वृद्ध मानने से इनकार करते रहें,और ऐसा करना कहीं न कहीं अच्छी बात भी है,लेकिन शरीर के अंगों, मांसपेशियों, हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों की रिकवरी की क्षमता में उम्र के साथ स्वाभाविक परिवर्तन आते हैं।


मन  से सदा जवान बने रहे, लेकिन शरीर की सीमाओं को समझें


60 की उम्र पार करने के बाद भी यदि कोई व्यक्ति पहले की तरह सक्रिय है, व्यायाम करता है, तैरता है, घूमता है, यात्रा करता है या शारीरिक काम करता है, तो यह निश्चित रूप से अच्छी बात है और उसका शरीर एवं मस्तिष्क पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है ।


समस्या सक्रिय रहने में नहीं है।


समस्या तब पैदा होती है जब हम अपने आज के शरीर से बीते कल वाले शरीर की अपेक्षा करने लगते हैं।


युवा अवस्था में हमने कोई काम बिना सोचे कर लिया होगा। चोट लगी होगी, शरीर में दर्द हुआ होगा और कुछ दिनों में सब ठीक भी हो गया होगा। इसलिए मन में यह धारणा बन जाती है कि "मैं तो यह काम हमेशा से करता आया हूं, अभी भी कर सकता हूं।"


लेकिन उम्र के साथ शरीर की प्रतिक्रिया बदल सकती है बल्कि इस सत्य को अस्वीकार नहीं किया जा सकता कि समय के साथ शरीर में स्वाभाविक  बदलाव आते ही हैं।


जो काम पहले आसानी से हो जाता था, वही काम अब थोड़ा अधिक सावधानी, तैयारी और समय मांग सकता है।


इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि हम कमजोर हो गए हैं।


इसका अर्थ सिर्फ इतना है कि अब हमें अपने शरीर के साथ पहले से अधिक समझदारी से व्यवहार करना चाहिए तथा शरीर के प्राकृतिक परिवर्तनों को स्वीकार करते रहना चाहिए ।


जोश जरूरी है, लेकिन होश उससे भी ज्यादा जरूरी है।


उम्र बढ़ने का मतलब यह नहीं कि जीवन की गति धीमी कर दी जाए या व्यक्ति हर काम से डरने लगे।


बिल्कुल नहीं।

शरीर एवं मस्तिष्क को स्वस्थ बनाए रखने के लिए व्यायाम करना चाहिए , तैरें,घूमें,,सीढ़ियां चढ़ें।,यात्रा करें ,उद्देश्य यह कि अपने पसंद के सभी शारीरिक कार्य करने का प्रयास करते रहना चाहिए ।


लेकिन एक अंतर जरूर रखना चाहिए :


युवा उम्र में हम शरीर को अपनी इच्छा के अनुसार चलाते हैं, जबकि बढ़ती उम्र में शरीर की प्रतिक्रिया को समझकर उसके साथ चलना चाहिए।


कभी-कभी हम उत्साह में आवश्यकता से अधिक परिश्रम कर लेते हैं। शरीर संकेत देता है,दर्द, थकान, खिंचाव या असहजता के रूप मे , लेकिन हमारा मन कहता है, "कुछ नहीं हुआ, करते रहो।"

 यह भी सही है कि जब तक आपका मस्तिष्क यह नहीं कहता कि आप थक गए हो आप श्रम करते रह सकते है पर हमें बढ़ती उम्र में शरीर के संकेतों पर भी ध्यान देना चाहिए ।


यहीं थोड़ी सावधानी आवश्यक है।


शरीर की आवाज़ को कमजोरी समझना सही नहीं है।


कई बार शरीर का दर्द हमें रोकने के लिए नहीं, बल्कि बड़ी चोट से बचाने के लिए चेतावनी देने आता है।


छोटी चोट को भी छोटा समझना उचित नहीं है ।


बढ़ती उम्र में सबसे महत्वपूर्ण बातों में से एक है- चोट से बचना।


चोट चाहे कितनी ही छोटी क्यों न लगे, उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।


क्योंकि समस्या हमेशा चोट की गंभीरता में नहीं होती, बल्कि इस बात में भी होती है कि शरीर उसे ठीक होने में कितना समय लेता है।


युवा अवस्था में मामूली चोट कुछ दिनों में ठीक हो सकती है। उम्र बढ़ने के साथ वही चोट अधिक समय ले सकती है और कभी-कभी व्यक्ति को लंबे समय तक अपनी सामान्य गतिविधियों से दूर कर सकती है।


इसलिए "सावधानी " डर नहीं है।


सावधानी समझदारी है ,वरिष्ठता की निशानी है।


फर्श पर चलते समय थोड़ा ध्यान देना, अचानक भारी वजन न उठाना, व्यायाम से पहले शरीर को तैयार करना, अपनी क्षमता से अधिक जोर न लगाना और दर्द होने पर उसे नजरअंदाज न करना,ये छोटी-छोटी बातें भविष्य की बड़ी परेशानी से बचा सकती हैं।


अपने आप को वृद्ध मत मानिए पर वरिष्ठता को स्वीकार कीजिए , लेकिन उम्र को नजरअंदाज भी मत कीजिए


यहां एक बहुत बारीक सा अंतर है।


"मैं बूढ़ा हो गया हूं", यह सोच व्यक्ति को वास्तव में उसकी क्षमता से पहले ही निष्क्रिय बना सकती है।


लेकिन दूसरी ओर-


"मैं अभी भी बिल्कुल वैसा ही हूं जैसा 30 वर्ष की उम्र में था"- यह सोच भी कभी-कभी शरीर के साथ अन्याय कर सकती है।


सही दृष्टिकोण शायद इन दोनों के बीच है।


कहिए - 


"मैं उम्रदराज जरूर हूं, मैं  वरिष्ठ हूं,लेकिन बूढ़ा नहीं हूं, । मैं सक्रिय हूं, लेकिन लापरवाह नहीं। मैं अपने शरीर की क्षमता को चुनौती दूंगा, लेकिन उसकी चेतावनी को नजरअंदाज नहीं करूंगा।"


यही संतुलन हमें लंबे समय तक सक्रिय और स्वस्थ जीवन जीने में मदद कर सकता है।


उम्र बढ़ने का अर्थ रुक जाना नहीं, समझदारी से आगे बढ़ना है


जीवन का आनंद लेने के लिए किसी उम्र की सीमा नहीं होती।


साठ वर्ष की उम्र के बाद भी नए शौक अपनाए जा सकते हैं।,नई जगहों पर जाया जा सकता है वो सब कर सकते हैं जो  सर्विस या व्यवसाय  एवं परिवार की व्यस्तताओं, कर्तव्यों की जिम्मेदारी निभाने के कारण नहीं कर सके अपने शौक कहीं पीछे छूट गए ।

नए लोगों से मिला जा सकता है।,व्यायाम किया जा सकता है।

स्विमिंग की  जा सकती है, अपने पुराने सपनों को पूरा किया जा सकता है।


बस अब लक्ष्य केवल यह नहीं होना चाहिए कि "मैं कितना कर सकता हूं?"


कभी-कभी स्वयं से  यह भी पूछना चाहिए - 


"मैं इसे कितनी सुरक्षित तरीके से कर सकता हूं?"


क्योंकि जिंदगी की दौड़ में सबसे महत्वपूर्ण बात सबसे तेज दौड़ना नहीं है , महत्वपूर्ण यह है कि हम लंबे समय तक दौड़ते रहें।


अंततः...


उम्र को स्वीकार करना और वृद्धावस्था को स्वीकार कर हार मान लेना , दो अलग-अलग बातें हैं।


उम्र को स्वीकार करने का अर्थ यह नहीं कि हम अपने उत्साह को समाप्त कर दें।

इसका अर्थ सिर्फ इतना है कि हम अपने शरीर को समझने लगें ।


मन में जवानी का उत्साह रखिए, लेकिन शरीर के अनुभव का सम्मान कीजिए।


जोश को बनाए रखिए, मगर उसमें थोड़ा होश भी जोड़ दीजिए।


क्योंकि साठ वर्ष या सेवानिवृत्ति के बाद जिंदगी खत्म नहीं होती, बल्कि सही  मायनों में शायद जिंदगी को और अधिक समझदारी, सावधानी और आनंद के साथ जीने का सही  समय शुरू होता है।


और इस उम्र में सबसे बड़ी उपलब्धि  यह नहीं कि हमने कितने काम किए, बल्कि यह है कि—


हमने अपने शरीर का साथ निभाते हुए, बिना अनावश्यक चोट के, जीवन को पूरी तरह किस तरह जीया है।


आप अपने अनुभव शेयर करें ताकि आपके अनुभव से अन्य लोग भी प्रेरणा लें एवं जीवन के इस पल को साकार बना सकें ।


दीपक रस्तोगी 

 

Comments

Popular posts from this blog

मित्र संवाद

क्या सामाजिक मूल्यों का विघटन हो रहा है या समाज बदल रहा है?