एक मासूम किस्सा… जो जीवन का सबसे बड़ा सबक बन गया
एक मासूम किस्सा… जो जीवन का सबसे बड़ा सबक बन गया शायद यह घटना मेरी नौवीं कक्षा की है। उन दिनों हमारे क्लास टीचर श्री कुंदन जी थे। संयोग से उस दिन वे अवकाश पर थे और उनका पीरियड खाली था। अब भला उस उम्र के बच्चों से यह अपेक्षा कैसे की जा सकती थी कि शिक्षक के बिना पूरी कक्षा शांत बैठी रहे? कुछ ही देर में पूरी कक्षा शोर-शराबे से गूंज उठी। कोई कागज़ के हवाई जहाज़ उड़ा रहा था, कोई हँसी-मज़ाक में मग्न था, तो कोई इधर-उधर की शरारतों में। सच कहूँ तो शायद ही कोई ऐसा छात्र रहा होगा जो उस हुड़दंग का हिस्सा न हो। शोर इतना बढ़ गया कि उसकी आवाज़ सीधे प्रधानाचार्य कक्ष तक पहुँच गई। उस समय हमारे प्रधानाध्यापक आदरणीय श्री उदयभानु त्रिवेदी जी थे। कुछ ही क्षणों बाद वे हाथ में बेंत लिए हमारी कक्षा में आ पहुँचे। उन्हें देखते ही जो कक्षा कुछ क्षण पहले मेले जैसी लग रही थी, वह पल भर में श्मशान जैसी शांत हो गई। ऐसा लग रहा था मानो वहाँ कभी कोई आवाज़ हुई ही न हो। त्रिवेदी जी ने अपनी पैनी दृष्टि पूरी कक्षा पर दौड़ाई और गंभीर स्वर में पूछा, "बताओ, शोर कौन-कौन मचा रहा था?" पूरी कक्षा में सन्नाटा छा गया। ऐसी...