बुढ़ापा: उम्र नहीं, मन की अवस्था है

 

बुढ़ापा: उम्र नहीं, मन की अवस्था है:

हमारे उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के साथी पी एन पथिक द्वारा "बुढ़ापा" लेख  प्रेषित किया ये विषय मेरे काफी करीब है और सोच भी । मन किया कि ये भावनाएं विचार अपने विचारों एवं अनुभवों के साथ आप सबके साथ साझा किया जाए । प्रेरणा दायक प्रसंग है आशा है कि  ये विषय सभी के दिल के करीब होगा क्योंकि बूढ़ा न कोई होना चाहिए है न कहलाना। 


श्री पी एन पथिक की प्रस्तुति

*बुढ़ापा !*


कुछ व्यक्तियों को बुढ़ापा से डर लगता है और वे भविष्य के बारे में अनिश्चित है । क्यों कि वे उम्र के बढ़ने के साथ ही मानसिक और शारीरिक क्षय जैसे विचार रखते हैं । जैसा वे सोचते और महसूस करते हैं  , वैसा ही होता है।

जब आपकी, अपनी जिंदगी में दिलचस्पी कम हो जाती है , तब आप सपने देखना बंद कर देते हैं।

नए सच को जानने के लिए आपकी भूख और नए संसार को जीने की इच्छाशक्ति खत्म हो जाती है । तब आप बूढ़े हो जाते  हैं।

जब आपका मन मस्तिष्क नए विचारों , नए सोच , नए शौक अपनाता है  , और जब पर्दे उठाकर रोशनी  जीवन के नए सत्य की प्रेरणा को अंदर आने देता है , तब आप जवान व जीवंत रहेगें ।

जब जीवन के प्रति मन के अंदर अंतर द्वंद छिड़ जाता है तब नकारात्मक व सकारात्मक विचारों के अंतर द्वंद के क्रम में जब भावी जीवन के प्रति सकारात्मक सोच पनपने , भावनाएं अंकुरित होने लगता है । ऐसी मनःस्थिति स्वाभाविक है की आगे की परिणति अच्छा ही होगा और आप भविष्य के प्रति जुड़े , रुचि लेने लगते हैं ।


*पी एन पथिक ।*





बुढ़ापा: उम्र नहीं, मन की अवस्था है


पथिक जी ,
लेख पढ़कर मन में अनेक विचार जागृत हुए। मैं पथिक जी इस विचार से पूर्णतः सहमत हूँ कि मनुष्य वास्तव में तब बूढ़ा होता है, जब वह जीवन के प्रति अपनी जिज्ञासा, उत्साह और नए सपने देखना छोड़ देता है। शरीर की आयु बढ़ना प्रकृति का नियम है, लेकिन मन का बूढ़ा होना हमारी सोच पर निर्भर करता है।

मेरे विचार से बुढ़ापा केवल एक सोच है। यदि कोई व्यक्ति साठ वर्ष की आयु तक पूर्ण स्वस्थ रहते हुए सक्रिय जीवन जीता है, तो वह सेवानिवृत्ति के अगले ही दिन अचानक बूढ़ा नहीं हो जाता। लेकिन समाज का एक मनोवैज्ञानिक दबाव धीरे-धीरे उसे यह विश्वास दिलाने लगता है कि अब उसकी उपयोगिता समाप्त हो गई है। यही सोच उसे भीतर से कमजोर करने लगती है। वास्तव में बूढ़ा वह तब होता है, जब वह दूसरों की बनाई हुई इस धारणा को स्वयं स्वीकार कर लेता है।


इस संदर्भ में मुझे अपने पूज्य पिताजी की याद आती है। वे लगभग 94 वर्ष की आयु तक स्वस्थ, आत्मनिर्भर और कर्मशील रहे। जब भी हमने उन्हें उठने या चलने में सहारा देने का प्रयास किया, वे मुस्कराकर हमारा हाथ हटा देते और कहते—"नहीं, यह काम मैं स्वयं करूँगा।" उन्होंने कभी अपनी उम्र को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया।

एक बार मैं देहरादून में उनके पास गया। सुबह देखा कि वे आँगन में झाड़ू लगा रहे हैं। मैंने सहज भाव से कहा, "पिताजी, दीजिए, मैं कर देता हूँ।" उन्होंने मुस्कराकर उत्तर दिया "नहीं बेटा, यह मेरी मजबूरी नहीं, मेरी एक्सरसाइज है।" उस एक वाक्य ने मुझे जीवन का बहुत बड़ा दर्शन समझा दिया। वे अपने कपड़े स्वयं धोते थे, अपने दैनिक कार्य स्वयं करते थे और अंतिम समय तक आत्मनिर्भर बने रहे। उन्होंने कभी हमें यह महसूस नहीं होने दिया कि वे वृद्ध हो चुके हैं।

मेरा मानना है कि जीवन का सबसे बड़ा रोग उम्र नहीं, बल्कि 'मैं अब बूढ़ा हो गया हूँ' वाली मानसिकता है।

हम अपने जीवन के लगभग 35 से 40 वर्ष परिवार, नौकरी और जिम्मेदारियों में लगा देते हैं। विशेष रूप से बैंक जैसी सेवाओं में कार्यरत व्यक्ति अपने परिवार को भी पर्याप्त समय नहीं दे पाता। ऐसे में सेवानिवृत्ति अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय का आरंभ है।

अब समय होता है—

अपने लिए जीने का,

जीवनसाथी के साथ बिना किसी जल्दबाज़ी के एक कप चाय का आनंद लेने का,

बच्चों और नाती-पोतों की उपलब्धियों पर गर्व करने का,

उन स्थानों की यात्राएँ करने का जिन्हें वर्षों तक केवल तस्वीरों में देखा,

नए मित्र बनाने का,

नई पुस्तकें पढ़ने का,

संगीत, लेखन, चित्रकला, बागवानी, योग, सेवा और समाज के लिए कुछ नया करने का।

यात्राएँ मनुष्य को केवल नए स्थान नहीं दिखातीं, बल्कि नए जीवन-दर्शन भी देती हैं।

ऐसा ही एक अनुभव मुझे कश्मीर यात्रा के दौरान मिला। मैं अपनी पत्नी तथा एक मित्र दंपति के साथ वहाँ गया था। जिस होटल में हम ठहरे थे, वहीं कोलकाता से आए वरिष्ठ नागरिकों का एक समूह भी रुका हुआ था। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वे पिछले दस वर्षों से हर वर्ष एक साथ किसी नए स्थान की यात्रा करते हैं। सबसे रोचक बात यह थी कि उनके समूह का सबसे युवा दंपति 61 वर्ष का था और अधिकांश सदस्य 65 से 72 वर्ष के बीच थे।


उस समय उनका अगला पड़ाव कारगिल था। जुलाई का प्रथम सप्ताह, पहाड़ों पर बर्फ, ठंडी हवाएँ और कठिन मार्ग, फिर भी उनके चेहरे पर उत्साह, आँखों में चमक और मन में रोमांच था। उन्हें देखकर मुझे पहली बार गहराई से महसूस हुआ कि उम्र वास्तव में केवल एक संख्या है।


उस दिन मैंने जाना कि जीवन की असली ऊर्जा शरीर से नहीं, मन से निकलती है। जिसके भीतर सपने जीवित हैं, जो हर सुबह किसी नए उद्देश्य के साथ उठता है, जो सीखना और जीना नहीं छोड़ता—वह कभी बूढ़ा नहीं होता।


इसलिए मेरा मानना है कि बुढ़ापा जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि स्वयं को पुनः खोजने का स्वर्णिम अवसर है। यह समय है अधूरे सपनों को पूरा करने का, प्रकृति के निकट जाने का, समाज को अपने अनुभव लौटाने का, नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करने का और सबसे बढ़कर स्वयं से प्रेम करना सीखने का।


अंततः मैं यही कहना चाहूँगा:


"उम्र शरीर की बढ़ती है, मन की नहीं।

जिस दिन सपने मर जाते हैं, उसी दिन बुढ़ापा शुरू होता है।

और जिस दिन नया सपना जन्म ले लेता है, उसी दिन जीवन फिर से जवान हो उठता है।"



दीपक रस्तोगी

Comments

Popular posts from this blog

मित्र संवाद

उम्र केवल एक नंबर है, लेकिन शरीर की आवाज़ सुनना भी जरूरी है ।

क्या सामाजिक मूल्यों का विघटन हो रहा है या समाज बदल रहा है?